कागजों से हमेशा गायब रहे भूमाफिया बॉबी छाबड़ा ने 14 संस्थाओं के 20 हजार प्लॉट हड़पे

कागजों से हमेशा गायब रहे भूमाफिया बॉबी छाबड़ा ने 14 संस्थाओं के 20 हजार प्लॉट हड़पे


इंदौर। भूमाफिया बॉबी उर्फ रणवीर सिंह छाबड़ा के कारण 14 संस्थाओं के 20 हजार से ज्यादा रहवासी प्लॉट को लेकर परेशान हैं। जागृति गृह निर्माण के 2000 से ज्यादा लोग एक ही प्लॉट की एक से अधिक रजिस्ट्री में फंसे हुए हैं। नवभारत गृह निर्माण संस्था के 3800 लोगों को प्लॉट आवंटन नहीं किया गया।


देवी अहिल्या गृह निर्माण के 3000 पीड़ित हैं। प्लॉट पर अवैध कब्जे हो गए। जय हिंद गृह निर्माण के 1000 से ज्यादा लोगों को जमीन नहीं मिली। इसी तरह अन्य समितियों के लोग प्लाट नहीं मिलने से परेशान हैं।


कलेक्ट्रेट पहुंचे पुलिस अधिकारी, 4 सोसायटियों के कागज जांचे


बॉबी छाबड़ा के खिलाफ सबूत और दस्तावेज जुटाने के लिए एएसपी मनीष खत्री सोमवार को फिर कलेक्ट्रेट पहुंचे। अपर कलेक्टर दिनेश जैन के साथ बैठकर अधिकारियों ने एसडीएम द्वारा जब्त सोसायटी के दस्तावेजों को काफी देर तक खंगाला। इसमें मुख्य रूप से श्रीराम सोसायटी, आकाश, जागृति और सेंट्रल गवर्नमेंट ऑफिसर्स सोसायटी के दस्तावेज देखे गए।


सेंट्रल सोसायटी की जांच में आया है कि इसमें अध्यक्ष घनश्याम परमार, उपाध्यक्ष श्रीनाथ पांडे, कोषाध्यक्ष प्रहलाद जाखेटिया के साथ ही बॉबी छाबड़ा की भी भूमिका रही है। आकाश संस्था में जांच में आया है कि बॉबी के भाई सतबीर सिंह ने साल 2001 में इसका अध्यक्ष बनने के बाद कई नए सदस्यों की भर्ती कराई और इसके जरिए वरीयता सूची में जूनियर सदस्यों को भी प्लॉट दिए गए। जागृति में भी बॉबी का नाम सामने आया है। हालांकि कागजों में इसका नाम नहीं है।


बैरक में चादर पर लेटा रहा बॉबी, खाने में मांगा दही
खजराना थाने की बैरक में बॉबी चादर बिछाकर समय काट रहा है। सोमवार को उसने सुबह दही और बिस्किट की मांग की थी। पुलिस ने उसे दही व बिस्किट दिए।


नहीं मिला बॉबी का मोबाइल फोन


सोमवार दोपहर पुलिस बाॅबी को रीजनल पार्क स्थित उसकी नर्सरी ‘नेचर’ में तलाशी के लिए ले गई। यहां कोई विशेष दस्तावेज या रिकॉर्ड हाथ नहीं लगे। पुलिस उसे मांगलिया स्थित बायपास पर लेकर पहुंची। यहां उसे पुलिस ने जब गिरफ्तार किया था तो उसने अपना मोबाइल फेंक देने की बात कही थी। पुलिस ने काफी तलाशा लेकिन मोबाइल नहीं मिला।


सदस्यों के घर के पते पर मिले शोरूम


बॉबी छाबड़ा को खजराना पुलिस ने श्रीराम नगर गृह निर्माण संस्था में सदस्यों के साथ हुए फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। पुलिस को संचालक मंडल के 10 सदस्यों की जानकारी मिली है। तीन सदस्यों के संस्था में दर्शाए पते पर पुलिस पहुंची तो वहां उनके मकानों की जगह शोरूम मिले। पुलिस को एक भी संचालक मंडल का सदस्य नहीं मिला है।


वर्ष 1960 में बनी श्रीराम गृह निर्माण संस्था द्वारा पुष्पक नगर, पुष्पांजलि और पुराने आरटीओ के पास काटी गई कॉलोनी में फर्जीवाड़े की शिकायतें मिली हैं। इसमें बॉबी ने वर्ष 2006 में हस्तक्षेप शुरू कर 700 से ज्यादा लोगों का हक छीनकर उनके प्लॉट पर अपने संचालकगणों के सदस्यों के जरिए कब्जे कर उन्हें फंसा दिया।